ऋषिकेश में उल्लास के साथ मनाया गया रक्षाबंधन
ऋषिकेश
भाई-बहन के अटूट प्रेम का पर्व रक्षाबंधन तीर्थनगरी ऋषिकेश में उल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर कलाई पर रक्षा सूत्र बांधे। भाइयों ने बहनों को कई तरह के उपहार भेंट किए। रक्षाबंधन पर्व को लेकर ऋषिकेश व आसपास क्षेत्रों में खूब उत्साह रहा। रविवार को रक्षाबंधन पर्व पर लोग पूजा-अर्चना कर राखी बंधवाने के लिए सुबह से ही बहनों के पास पहुंचने लगे थे। जबकि कई बहनें भी दूरदराज से भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधने के लिए पहुंचीं। बहनों ने भाइयों की आरती उतार कर तिलक किया और कलाई पर प्यार का धागा यानी राखी बांधी। भाइयों ने भी बहनों को रक्षा का वचन दिया और उन्हें उपहार भेंट किए। रक्षाबंधन पर कई लोगों ने घरों में पकवान भी बनाए। रक्षाबंधन पर सुबह के समय बाजार में राखियों की दुकानों पर भीड़ जुटी रही, जबकि मिठाई की दुकानों पर भी दिनभर खरीदारी हुई। कई दिनों से बरस रहे मेघ इस बार रक्षाबंधन के पर्व पर बाधा नहीं बने।
