पोल से टकराई कार, 7 की मौत, डीएमके विधायक वाई प्रकाश के बेटे-बहू भी मरने वालों में शामिल
बेंगलुरु ।
बेंगलुरु में तेज रफ्तार ऑडी कार के पोल से टकराने पर हुई भीषण हादसे में कुल सात लोगों की जान चली गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मरने वालों में डीएमके विधायक वाई प्रकाश के बेटे और बहू भी शामिल हैं। खुद विधायक वाई प्रकाश ने इसकी पुष्टि की है। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार में ऑडी गाड़ी ने सड़क किनारे लगे पोल पर टक्कर मारी जिसके बाद गाड़ी में सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सातवें की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हुई है। मरने वालों में से तीन महिलाएं भी थीं।
हादसा सुबह तड़के करीब 2.30 बजे हुआ। अडुगोडी पुलिस स्टेशन के अनुसार, मंगलवार तड़के बेंगलुरु के कोरमंगला इलाके में एक कार दुर्घटना में सात लोगों की मौत हो गई।
दुर्घटना में मरने वाले सात लोगों में डीएमके विधायक वाई प्रकाश के बेटे और बहू करुणा सागर और बिंदू भी शामिल हैं। विधायक ने पुष्टि की कि युगल ऑडी कार में यात्रा कर रहे थे, जो स्ट्रीट लाइट से टकरा गई।
