संगठन अध्यक्ष ने अधिकारियों के साथ मिलकर समूह की महिलाओं के साथ की हेराफेरी
उरई।
समूह संगठन की अध्यक्ष द्वारा अधिकारियों व कर्मचारियों की मिलीभगत से समूह की सभी महिलाओं के साथ हेराफेरी करते हुये अवैध रूप से धनराशि निकाली जा रही है। जिसकी कोई भी महिला यदि जानकारी मांगती है तो वह समूह बंद करने व हटाने की धमकी देती है। जिससे परेशान समूह की तमाम महिलाओं ने सिटी मजिस्ट्रेट को शिकायती पत्र सौंपते हुए उक्त प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुये दोषियों पर कार्यवाही करने की मांग की।
स्वयं सहायता समूह संगठन की महिलाओं ने सिटी मजिस्ट्रेट को शिकायती पत्र सौंपते हुये बताया कि विकास खण्ड कदौरा के ग्राम चमारी मे अजीविका मिशन योजना द्वारा संचालित महिला स्वयं सहायता समूह चलाये जा रहे है। जिसमे संगठन की अध्यक्ष अनीता पत्नी कंचन कुमार द्वारा बैंक अधिकारी व कर्मचारियों से मिलकर समूह के खातों से सभी महिलाओं के फर्जी हस्ताक्षर करवाकर धनराशि निकाली जा रही है। यदि किसी समूह की महिला द्वारा अध्यक्ष से धनराशि को लेकर बातचीत की जाती है तो वह समूह के कार्यांे का बहाना करते हुये सभी महिलाओं को बैक बाहर बैठा देती है। यदि कोई महिला जानकारी के लिये अपनी बात अध्यक्ष से रखती है तो वह समूह को बंद करने या समूह से हटाने की धमकी देती है। जिसको देखते हुये जय बजरंग स्वयं सहायता समूह व डा.अम्बेडकर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने सिटी मजिस्ट्रेट को शिकायती पत्र सौंपते हुये गांव की अनपढ़ महिलाओं को धोखाधड़ी से बचाने की मांग की। साथ ही उक्त प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने एवं जांच मे दोषी पाये जाने वालों पर कार्यवाही की मांग की। इस मौके पर पूनम, ज्ञानवती, सरमन, सुमित्रा, रंजनी, सुमन, कल्पना, चन्द्रा, मीरा, रामकली, निशा, ममता, संतोषी, ममता, अनुसुइया आदि महिलायें उपस्थित रही।
