लक्षमोली-हडिमधार योजना से पेयजल आपूर्ति चरमराई
श्रीनगर गढ़वाल।
कीर्तिनगर ब्लॉक के अंतर्गत हिंसरियाखाल, पाटाखाल एवं अकरी पट्टी के 90 से अधिक गांवों में पेयजल आपूर्ति करा रही लक्षमोली-हडिमधार योजना से पेयजल आपूर्ति ठप होने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शादी-विवाह के सीजन में इस तरह की दिक्कतें आने से लोगों में सरकार व विभाग के खिलाफ गहरा आक्रेाश है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में जब भी पानी की ज्यादा आवश्यकता होती है योजना ठप कर दी जाती है।
भंडाली के अनुज पुंडोरा, बदरी सेमवाल, पाटाखाल के संजय उनियाल सहित युवा जन संघर्ष मंच के अध्यक्ष अजय सेमवाल का कहना है कि क्षेत्र में पिछले चार दिन से पेयजल आपूर्ति नहीं हो पा रही है। जिसके कारण लोगों के शादी-विवाह के काम बुरी तरह से प्रभावित हो गए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोग पूरी तरह से पेयजल आपूर्ति के लिए इस योजना पर निर्भर हैं। लेकिन जल संस्थान के अधिकारियों की लापरवाही के कारण उन्हें पेयजल के लिए भटकना पड़ रहा है। हर बार आ रही इस समस्या का स्थायी समाधान न होने से लोगों में जन प्रतिनिधियों के खिलाफ भी रोष है। लोगों का कहना है कि जल संस्थान के अधिकारी फोन उठाने को भी तैयार नहीं हैं। कहा यदि यही रवैया रहा तो लोगों को फिर से आंदोलन के लिए विवश होना पड़ेगा।
