टप्पेबाजी करने वाले गिरोह का पांचवां सदस्य गिरफ्तार
अलीगढ़।
शहर के रेलवे स्टेशन व बस अड्डों से यात्रियों को गंतव्य तक छोड़ने की आड़ में टप्पेबाजी करने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को पकड़े जाने के बाद पुलिस अब इस गिरोह के अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है। इसके लिए सार्वजनिक स्थानों के आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने सोमवार को गिरोह के पांचवें सदस्य जमालपुर निवासी सुभाष को भी गिरफ्तार कर लिया।
ज्ञात हो कि शहर में टप्पेबाजी की खबरे मिल रही थीं। इसके लिए एसपी सिटी ने तीन टीमें गठित की थीं। इसके तहत रेलवे स्टेशन व बस अड्डों के आसपास के सीसीटीवी कैमरे देखे गए। इसमें एक कार संदिग्ध नजर आई। पुलिस ने इसका पता लगाया और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए जाल बिछा दिया। रविवार को पुलिस ने मिर्जापुर सिया बाईपास निवासी अनिल उर्फ अमित, सुरेंद्र, अलका, करतारी को रेलवे स्टेशन अलीगढ़ के बाहर से गिरफ्तार कर लिया। इनसे ईको कार (डीएल 8 सीयू 3808) बरामद की गई है। आरोपितों ने जिले के अलावा अन्य थाना क्षेत्रों में भी घटनाएं की हैं। जांच में नाम प्रकाश में आने पर पुलिस ने सोमवार को गिरोह के पांचवें सदस्य जमालपुर निवासी सुभाष को भी गिरफ्तार कर लिया। वहीं पुलिस का दावा है कि गिरोह में और लोग शामिल हो सकते हैं। एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में टीमें लगी हुई हैं। आरोपित पहले यात्री को ईको में बिठा लेते थे। इसी कार में गिरोह की महिलाएं बच्चों के साथ बैठी रहती थीं। यात्री का ध्यान हटते ही बैग को नीचे खिसकाकर उसमें से सामान पार कर देते थे। अनिल के खिलाफ चार मुकदमे दर्ज हैं। इसी तरह सुरेंद्र पर सात, अलका पर तीन, करतारी पर छह मुकदमे चल रहे हैं।
