एसजीआरआर मेडिकल कॉलेज को  मिली पीजी की 7 और सीट

देहरादून। एसजीआरआर मेडिकल कॉलेज पीजी सुपरस्पेशलिटी सीटों में उत्तराखण्ड में सबसे आगे निकल गया है। पांच सरकारी एवं निजी कॉलेजों के मुकाबले सर्वाधिक पीजी सीटें 94 से बढ़कर 109 हो गई है। कॉलेज को कॉर्डियोलॉजी, मेडिकल गैस्ट्रोइंट्रोलॉजी, प्लास्टिक सर्जरी में दो-दो और यूरोलॉजी में एक पीजी सीट मिली है।
एनएमसी ने कॉलेज में पीजी सीटें 94 से बढ़ाकर 109 कर दी हैं। नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) की ओर से श्री गुरु राम राय इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एण्ड हेल्थ साइंसेज़ को पत्र भेजकर सीट बढ़ोत्तरी की सूचना दी है। चेयरमैन श्रीमहंत देवेन्द्र दास महाराज ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य, सभी फैकल्टी सदस्यों, स्टाफ सदस्यों व छात्र-छात्राओं को इसके लिए बधाई दी है। सितम्बर से नवंबर के बीच एनएमसी की टीम ने एसजीआरआर मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। मेडिकल कॉलेज की मूलभूत सुविधाएं, क्लीनिक शिक्षण सामग्री, तकनीकी सुविधाएं, फैकल्टी सदस्यों की पर्याप्त संख्या, फैकल्टी द्वारा राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत किए गए शोध कार्यों का मूल्यांकन किया गया। एसजीआरआर मेडिकल कॉलेज में पीजी सीटों के बढ़ने का सीधा सीधा लाभ आम जनता को मिलेगा। इससे मेडिकल शिक्षा व स्वास्थ्य सेवा के प्रसार को नई सम्भावनाएं मिलेंगी। राज्य को अधिक डॉक्टर मिलेंगे व आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *