देवर सहित पांच के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा

रुड़की। पुलिस ने एक महिला की तहरीर के आधार पर देवर और उसके साथी सहित पांच लोगों के खिलाफ छेड़छाड़, गाली गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। कलियर क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी शादी दस साल पहले मुकर्रबपुर में हुई थी। पति की मौत के बाद वह अपने तीन बच्चों के साथ अपनी ससुराल में रह रही है। 15 मार्च को वह अपने घर पर अकेली थी। इसी बीच उसका देवर अपने एक रिश्तेदार के साथ उसके घर में घुस आया और छेड़छाड़ की। विरोध किया तो वह उसके साथ मारपीट करने लगे। शोर मचाने पर उसकी सास, ननद भी मौके पर आ गए। उन्होंने भी उसे गाली गलौज कर जमकर मारपीट की। आरोप है कि गले मे रस्सी का फंदा डालकर जान से मारने की नीयत से उसे जमीन पर गिरा दिया। थाना प्रभारी धर्मेन्द्र राठी ने बताया तहरीर के आधार पर महिला के देवर हसीन, सास रुखसाना, रहीश, निवासी मुकर्रबपुर, ननद आसमा और भूरा निवासी घोड़ेवाला के खिलाफ मारपीट, छेडछाड़, गाली गलौज और जान से मारने की धमकी के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *