तारली गांव के ग्रामीणों को जल्द मिलेगी सडक़ सुविधा
विकासनगर
आजादी के बाद से मार्ग निर्माण को इंतजार कर रहे तारली गांव के ग्रामीणों को सपना जल्द पूरा होगा। क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह के अथक प्रयासों से गांव के लिए संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इससे पूरे गांव में खुशी की लहर है। रविवार सुबह तारली गांव के लिए कोठा से स्वीकृत संपर्क मार्ग की कटिंग का कार्य शुरू होने पर ग्रामीण खुशी से झूम उठे। ग्रामीण सरदार सिंह, मेहर सिंह, आनंद सिंह, सुरेश, मदन आदि ने क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आजादी के बाद से ग्रामीण मार्ग का इंतजार कर रहे थे। जिसे क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह ने पूरा करा दिया है। मार्ग की कटिंग शुरू हो गई है। जल्द ही गांव तक गाड़ी पहुंच सकेगी। बताया कि ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द विधायक से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त करेगा।
