सड़क दुर्घटना में घायल मैकेनिक की मौत
रुड़की। सड़क दुर्घटना में घायल मैकेनिक की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रोडवेज बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। कोतवाली क्षेत्र में शुगर मिल के निकट एक ट्रक में कुछ तकनीकी खराबी आ गई थी। इसके बाद एक मैकेनिक को मौके पर बुलाया गया था। मैकेनिक ट्रक की मरम्मत करने के बाद जैसे ही ट्रक के नीचे से निकला तभी हरिद्वार की ओर से आ रही यूपी रोडवेज की एक बस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया था। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए नारसन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया था। जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया था लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। इंस्पेक्टर राजीव रौथाण ने बताया कि मृतक की पहचान उस्मान (35) पुत्र युसुफ अली निवासी गांव मिलाना बागपत के रूप में हुई है। उसके भाई जावेद पुत्र युसूफ अली की तहरीर के आधार पर रोडवेज बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई है।
