विधायकों को धमकी का मामला: गृह मंत्री विज बोले- आतंकी लिंक नहीं आया सामने, पाकिस्तान के गिरोह से जुड़े तार

चंडीगढ़। हरियाणा के विधायकों को मिली धमकी के मामले में एसटीएफ की जांच में सामने आया है कि इसमें कोई आतंकी लिंक नहीं है। फिलहाल केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर जांच जारी है। जो-जो तथ्य सामने आएंगे, उन्हें राष्ट्र के सामने रखेंगे। यह जानकारी हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने पत्रकारों से बातचीत में दी।
विज ने बताया कि विधायकों को मिली धमकी मामले में कॉल दुबई के नंबर की गई थी लेकिन पाकिस्तान से आती थी। इस मामले में पाकिस्तान के काफी लोग संलिप्त हैं और विधायकों को मिली धमकी मामले में पाकिस्तान के लोग ही मास्टरमाइंड हैं। इस मामले में जांच जारी है और काफी जानकारियां एसटीएफ को हासिल हो गईं हैं।
यह गिरोह लोगों को लूटने का काम करता है और लोगों को लालच या धमकी देकर, लोगों के खाते खुद खुलवाकर, उन खातों में पैसे डालकर, चेक बुक, एटीएम कार्ड खुद रख लेते हैं और उन खातों में से पैसे निकलवाते थे, जिनमें से कुछ पाकिस्तानी भी थे। एक सवाल के जवाब में विज ने कहा कि विधायकों को मिली धमकी वाली कॉल दुबई के नंबर से आई थी और इसके लिए एक टीम को दुबई भी भेजा गया था।
इस मामले की छानबीन के लिए केंद्रीय एजेंसियों का भी सहयोग लिया गया, क्योंकि यह दूसरे देशों से जुड़ा मामला था। जिन आईपी एड्रेस से फोन किए गए थे वे ट्रेस हो गए। इसके बाद, एसटीएफ की टीम ने बिहार में छापा मारा और चार व्यक्तियों को पकड़ा। इन व्यक्तियों से एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक काफी संख्या में मिली। एक टीम मुंबई में भेजी गई और दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। अभी मामले की जांच जारी है।
शनिवार को अपने आवास पर जनता की समस्या सुनेंगे विज
गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज अंबाला छावनी विधानसभा क्षेत्र से बाहर की जनता की समस्याएं अब केवल शनिवार को ही अपने शास्त्री कालोनी, अंबाला छावनी स्थित आवास पर सुनेंगे। सुबह 10 बजे से गृह मंत्री लोगों की समस्याओं को सुनना शुरू करेंगे। इसके अलावा, अंबाला छावनी विधानसभा क्षेत्र के निवासियों की समस्याएं प्रतिदिन गृह मंत्री विज अपने आवास पर सुनेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *