कोरोना टेस्ट और वैक्सीनेशन पर किसानों का अजीब तर्क, बोल रहे ऐसे ही खत्म हो जाएगी महामारी
बहादुरगढ
कभी कोरोना को साजिश और कभी ऐसा कोई संक्रमण न होने की बात कहते आ रहे आंदोलनकारी अब फिर से इस महामारी के फैलने पर भी अजीब तर्क दे रहे हैं। यहां तक की आंदोलन का नेतृत्व कर रहे किसान संगठनों ने वे नेता तक आश्चर्यजनक बात कहे हैं जो खुद पिछले दिनों कोरोना पाॅजिटिव हो चुके हैं। ऐसे मेें दिक्कत यह है कि एक तरफ सरकार के निर्देशानुसार पहली से आठवीं तक स्कूल बंद हो गए हैं और दूसरी तरफ बाॅर्डर पर जमे हजारों की संख्या में आंदोलनकारी कोरोना से बचाव के नियमों का पालन तो दूर टेस्ट और वैक्सीनेशन तक से भी दूरी बनाए हुए हैं। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज भी इस पर चिंता जता चुके हैं।मगर विभाग की लाख कोशिशों के बावजूद आंदोलनकारी वैक्सीन तक लगवाने के लिए तैयार नहीं हुए। पंजाब के आंदोलनकारी तो इस मामले में पूरी तरह अड़ियल रुख अपनाए हुए हैं। पंजाब की भारतीय किसान यूनियन एकता (उगराहा) के प्रमुख जोगेंद्र सिंह उगराहा ने एक इंटरव्यू में यहां तक कहा कि कोरोना तो किसी तरह से गंभीर नहीं है, अगर है भी तो अपने आप खत्म हो जाएगा।
