कैथल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़ को दिखाए काले झंडे, दो घंटे बना रहा तनाव
कैथल
कैथल में वाल्मीकि समाज के कार्यक्रम में पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ का विरोध हो गया है। उनके कार्यक्रम में आने की सूचना मिलते ही किसान कार्यक्रम स्थल के पास पहुंच गए। मौके की गंभीरता को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस और किसानों के बीच जद्दोजहद जारी है।
हरियाणा वाल्मीकि महापंचायत की तरफ से सिरटा रोड स्थित वाल्मीकि धर्मशाला में डा. भीमराव आंबेडकर जयंती को लेकर समारोह का आयोजन किया गया था। इसमें भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, राज्यमंत्री कमलेश ढांडा, सांसद नायब सिंह सैनी और विधायक लीला राम सहित जिला स्तर के सभी भाजपा नेता पहुंचे थे। कार्यक्रम की सूचना प्रदर्शनकारी किसानों को भी पहले ही मिल गई थी।
प्रदर्शनकारी कार्यक्रम से दो घंटे पहले ही वहां पहुंच गए थे। वे दो गुटों में बंटे हुए थे और खनौरी रोड को दो जगहों से घेरा हुआ था। प्रदर्शन को लेकर सिरटा रोड को पुलिस छावनी बनाया हुआ था। एसपी लोकेंद्र सहित सभी डीएसपी और जिले भर से पुलिस फोर्स को तैनात किया हुआ था। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बैरिकेड और रस्सी लगाकर सिरटा रोड पर ही रोका हुआ था। एक बार प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर जाम लगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें ऐसा नहीं करने दिया।
