भ्रमण दल ने जिम कार्बेट पार्क ढिकाला का भ्रमण कर ली जानकारी
पौड़ी। जीआईसी कोचियार के कक्षा 12 विज्ञान वर्ग छात्र छात्राओं का शैक्षिक भ्रमण दल विश्व प्रसिद्ध जिम कार्बेट पार्क ढिकाला गया। छात्र छात्राओं को कार्बेट पार्क में जैव विविधता, पारिस्थितिकी, पारितंत्र को समझने का मौका मिला। पार्क में विभिन्न पौधों, जीव जंतुओं की विभिन्न प्रजातियों को देखा व समझने का प्रयास किया।
सघन सदावहार वन में किस तरह जीव जंतु, वनस्पतियां, पेड़ पौधे सुरक्षित रहते हैं, यह भी समझने का अवसर मिला। कार्बेट पार्क भ्रमण के बाद रामनगर छोटी में प्रसिद्ध हनुमान धाम मंदिर के दर्शन किए। ढिकाला में पार्क भ्रमण की अनुमति पार्क निदेशक डा धीरज पांडे व रेंज अधिकारी निर्मल पांडे द्वारा मिलने पर टीम ने अधिकारियों का आभार जताया। भ्रमण दल का नेतृत्व शिक्षक मनमोहन सिंह रावत, चंद्रमोहन नेगी व आरती ने किया।
