चादंपुर में किसानों ने दी बचा गन्ना न लेने पर आंदोलन की चेतावनी
बिजनौर
भारतीय किसान यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि चांदपुर क्षेत्र के गन्ना किसानों का समस्त गन्ना लिए बिना चांदपुर चीनी मिल या अन्य किसी भी गन्ना क्रय केंद्र को बंद किया गया तो किसान अपना बचा गन्ना मिल अधिकारियों व प्रशासनिक अधिकारियों के घरों में भर देंगे।
यूनियन के महासचिव शीशपाल सिंह चौधरी, रामपाल सिंह, लुधियान सिंह, रामफल, वरुण, सुभाष, अशोक कुमार, नरेंद्र सिंह, रामपाल प्रधान, रोहिताश, राठी, वेद प्रकाश, कैलाश, नौबहार सिंह आदि ने जारी बयान में कहां है कि चांदपुर शुगर मिल के अधिकारियों को पत्र भेजकर चेतावनी दी गई है कि यदि चांदपुर क्षेत्र में किसी भी मिल ने किसी भी क्रय केंद्र पर तथा मिल गेट पर किसानों का खेत में खड़ा गन्ना नहीं लिया तो तो चांदपुर शुगर मिल के अधिकारियों के आवास पर गन्ना भर दिया जाएगा। चांदपुर क्षेत्र के अलावा अन्य मिलों के गन्ना क्रय केंद्रों ने किसानों का गन्ना नहीं लिया तो उनका गन्ना एसडीएम व तहसीलदार की आवास में डाला जाएगा। किसान नेताओं ने कहा है कि जब तक किसान के खेत में खड़ा गन्ना मिलों द्वारा नहीं खरीद लिया जाता तब तक मिले चालू रखी जाएं।
