बेटी ने इलाज न मिलने पर बांहों में तोड़ दिया दम
लखनऊ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी कोरोना में अनाथ हुए बच्चों की देखभाल की जिम्मेदारी लेने की बात कर रहे हैं। लेकिन उससे पहले जो बच्चे इलाज के अभाव में दम तोड़ दे रहे हैं, उनका क्या? ऐसा ही एक मामला यूपी के बाराबंकी में आया है। यहां बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था और डॉक्टरों की लापरवाही के चलते एक 5 माह की बच्ची की जान चली गई। दरअसल, जब पिता बेटी को अस्पताल लेकर पहुंचा तो वहां इमरजेंसी में कोई डॉक्टर नहीं था। वह बेटी को गोद में लेकर 2 घंटे तक डॉक्टरों को खोजता रह गया। इस बीच उनकी बच्ची की मौत हो गई। मामला सिरौली गौसपुर स्थित संयुक्त चिकित्सालय का है। बच्ची की मौत के बाद उसके माता-पिता ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा काटा। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। वहीं, इस मामले में सीएमओ ने जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई की बात कह रहे हैं।
