मुरादाबाद में हेल्पलाइन से गायब कोरोना का दर्द, अब गूंजा वैक्सीनेशन
मुरादाबाद
एकीकृत कोविड कमांड सेंटर के हेल्पलाइन नंबर पर समस्याओं को लेकर आने वाली कॉल में अब कोरोना की पीड़ा गायब हो गई है। अब लोग वैक्सीनेशन कराने को लेकर महसूस होने वाली दिक्कतों को हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करके बता रहे हैं।
इंटीग्रेटेड कोविड कमांड सेंटर पर कार्यरत स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि रघुवीर सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले तक होम आइसोलेट और अस्पतालों में भर्ती कोरोना संक्रमित मरीजों को होने वाली दिक्कतों के बारे में बताकर मदद मांग रहे थे। कोरोना संक्रमण के नए केस घटने के बाद इस तरह की कॉल आना बंद हो गई हैं। हेल्पलाइन नंबर पर अब अठारह साल से अधिक उम्र के लोगों की कॉल ज्यादा आ रही हैं जिसमें वह टीका लगवाने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन को स्लॉट खाली नहीं मिलने, स्लॉट बुक हो जाने के बाद भी टीकाकरण केंद्र पर वैक्सीन लगवाने का नंबर जल्दी नहीं आने आदि परेशानियां बता रहे हैं। नियमानुसार, संबंधित समस्याओं का समाधान कराया जा रहा है।
