रुड़की ब्लाक में कर पाएंगे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी
रुड़की। कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानन्द रुड़की ब्लाक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अन्तर्गत संचालित हिलांस कैंटीन और पुस्तकालय के सुदृढ़ीकरण एवं क्रियान्वयन कार्य का फीता काटकर लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि ब्लाक में बड़ी संख्या में लोग आते हैं। उन्हें कैंटीन में खाने की व्यवस्था और प्रतियोगिता की तैयारी कर रहे बच्चों को पठन-पाठन की सामग्री उपलब्ध होगी। समूह से जुड़ी हुई महिलाओं को रोजगार भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि लगभग पौने तीन लाख महिलाएं स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को स्वावलम्बी बनाने के लिए काम कर रही है। स्वयं सहायता समूहों द्वारा बनाए गये उत्पाद गुणवत्ता परक हैं, लेकिन इनका प्रचार-प्रसार व मार्केटिंग की सही व्यवस्था न हो पाने के कारण इनकी उतनी बिक्री नहीं हो पाती है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि इनके उत्पादों की बाजार में अधिक से अधिक बिक्री हो। बड़ी-बड़ी कंपनियों के साथ इनका अनुबन्ध किया जाए। स्वयं सहायता समूहों द्वारा कोरोना काल में बैंकों से जो ऋण लिया था, उसके ब्याज को हमारी सरकार ने माफ कर दिया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लाइब्रेरी व कैंटीन के खुलने व बन्द होने के समय की लोगों को पूरी जानकारी दें। नियमों का कड़ाई से पालन होना चाहिए। सीडीओ डॉ. सौरभ गहरवार ने बताया कि लाइब्रेरी और कैंटीन के सुदृढ़ीकरण एवं क्रियान्वयन के कार्य में साढ़े तेरह लाख रुपये का खर्च आया। इनके संचालन की पूरी व्यवस्था कर ली गयी है। इस अवसर पर विधायक प्रदीप बत्रा, जिला महामंत्री भाजपा अजय सैनी, चेयरमैन गन्ना समिति सुशील राठी, ऋषिपाल बालियान, ब्लाक मिशन मैनेजर रोमा सैनी, खंड विकास अधिकारी शिव प्रसाद थपलियाल, एडीओ पंचायत विजेन्द्र सैनी आदि मौजूद रहे।
