अवैध खनन के विरोध में चल रहे धरने को भाकियू का समर्थन
काशीपुर। जल एवं पर्यावरण सुरक्षा समिति का अवैध खनन और जल दोहन के खिलाफ चल रहा धरना छठे दिन भी जारी रहा। भारतीय किसान यूनियन(युवा) के प्रदेश अध्यक्ष समेत अन्य किसानों ने धरना स्थल पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया। भाकियू ने बुधवार को एसडीएम कार्यालय का घेराव करने का ऐलान किया है।
ग्राम जुड़का में जल एवं पर्यावरण सुरक्षा समिति का धरना मंगलवार को छठे दिन भी जारी रहा। वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र के तीन स्टोन क्रशर मानकों को ताक में रखकर 100-100 फीट गहरे गड्ढे खोदकर अवैध खनन कर रहे हैं। बड़े-बड़े मोटर पंपों से पानी निकाल कर उसका दोहन किया जा रहा है। इससे क्षेत्र में पानी का संकट गहरा रहा है। आसपास लगे हैंडपंप सूख गए हैं। ग्रामीण मामले की जांच कर आरोपी स्टोन क्रशरों के खिलाफ कार्रवाई और खोदे गए गड्ढों को भरवाने की मांग कर रहे हैं। भाकियू युवा के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह जीतू ने किसानों के साथ धरना स्थल पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया। कहा कि बुधवार को भाकियू के बैनर तले सैकड़ों किसान एसडीएम कार्यालय का घेराव कर वहीं तंबू लगाएंगे। यहां रेशम सिंह, चरनजीत सिंह, प्रताप विर्क, बलविंदर सिंह, दिलबाग सिंह, गुरमुख सिंह, प्रदीप सिंह, मनप्रीत सिंह, सुखविंदर सिंह, राहुल चौधरी, आसिफ आदि मौजूद रहे।
