शून्य रिटर्न भरने वाले कारोबारियों के खिलाफ चला अभियान
रुद्रपुर। राज्य कर विभाग की टीम ने समय पर टैक्स जमा नहीं करने वाले और कारोबार चलने के बाद भी शून्य रिटर्न भरने वाले कारोबारियों के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया है। इसके लिए राज्य कर विभाग की टीम ने जिले में 10 टीमें गठित की गयी हैं। सभी टीमों ने कारोबारियों के दुकान पर बताए गये स्टॉक की जांच की और अन्य जानकारी ली। राज्य कर विभाग की गठित टीमों ने कारोबारियों की दुकानों में जांच शुरू की। इस दौरान टीम ने कारोबारियों के बताये स्टॉक का मिलान शुरू किया। राज्य कर विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर अनिल सिंहा ने सिब्बल सिनेमा के पास एक बैटरी की दुकान में स्टॉक की जांच की। राज्य कर विभाग के ज्वाइंट कमिश्नर आरएल वर्मा ने बताया कि कई कारोबारी ऐसे हैं जिन्होंने विभाग में पंजीकरण तो करा रखा और कारोबार नहीं कर रहे हैं। इसके अलावा कई ऐसे कारोबारी भी जो कारोबार तो कर रहे हैं और शून्य रिटर्न दाखिल कर रहे हैं। इसके अलावा टैक्स भी कैश जमा नहीं कर आईटीसी से जमा कर रहे हैं। इससे विभाग को टैक्स का नुकसान हो रहा है। उन्होंने बताया कि कई कारोबारी ऐसे भी जो स्टॉक ज्यादा दिखाकर टैक्स कम जमा करते हैं। ऐसे कारोबारियों के स्टॉक का मिलान किया जा रहा है। इसी को लेकर अभियान चलाया गया है। यह अभियान पूरे प्रदेश में चल रहा है। उन्होंने बताया कि जांच में यह भी देखा जा रहा है कि कौन से फर्म पंजीकरण के बाद भी नहीं चल रही है। उन्होंने बताया कि इस अभियान में एक माह या इससे भी अधिक का समय लग सकता है। विभाग का अभियान को चलाने का उद्देश्य सही व्यापारी को फायदा मिलना चाहिए और जो समय पर टैक्स जमा नहीं कर रहे हैं उस पर कार्रवाई होनी चाहिए।
