भव्य होगा जनपद स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिताओं का आयोजन: लेखराज
विकासनगर। पछुवादून के कालसी ब्लॉक में पहली बार होने वाली जनपद स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिताओं की तैयारियां शिक्षकों ने शुरू कर दी हैं। मंगलवार को प्राथमिक विद्यालय बाड़वाला में जिला क्रीड़ा समन्वयक और ब्लॉक समन्वयकों को सम्मानित करने के बाद शिक्षकों ने क्रीड़ा प्रतियोगिता आयोजन को भव्य बनाने पर मंथन किया। नव नियुक्त जिला क्रीड़ा समन्वयक लेखराज तोमर ने कहा कि विभाग की ओर से पहली बार कालसी ब्लॉक को जनपद स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता की मेजबानी दी गई है। लेकिन विकासनगर, चकराता ब्लॉक भी प्रतियोगिताओं को संपन्न कराने में सहयोग करेगा। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं का आयोजन भव्य किया जाएगा, जो अन्य जनपदों के लिए भी एक मिसाल बनकर रह जाएगा। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र रावत ने कहा कि आयोजन के लिए जनपद कार्यकारिणी की ओर से पूरा सहयोग दिया जाएगा। कुछ आर्थिक सहायता भी जनपद कार्यकारिणी की ओर से की जाएगी। जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष अनंत सोलंकी ने भी आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने का आश्वासन दिया। प्राथमिक शिक्षक संघ की विकासनगर इकाई के ब्लॉक मंत्री कमल सुयाल और कोषाध्यक्ष मधु पटवाल ने कहा कि भले ही मेजबानी कालसी ब्लॉक को मिली हो, लेकिन विकासनगर इकाई इसे अपने ब्लॉक का आयोजन मानकर सहयोग देगी। कार्यक्रम के दौरान विकासनगर ब्लॉक के खेल समन्वयक रणवीर तोमर, कालसी ब्लॉक के दिनेश चौहान, चकराता के संजय राठौर और रायपुर ब्लॉक के लक्ष्मण सोलंकी को भी सम्मानित किया गया। बैठक में प्राथमिक शिक्षक संघ की जनपद इकाई के पदाधिकारियों ने भी प्रतिभाग किया। इस दौरान जूहा शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष उमेश चौहान, उमेश भारद्वाज, अनूप लखेड़ा, गंभीर कश्यप, गंभीर रावत, शशि दिवाकर, कुलदीप तोमर, अरविंद सोलंकी आदि मौजूद रहे।
