माचिस मांगने का झांसा देकर लूटा था चालक को

 

रुड़की। बाइक सवार बदमाशों ने ई-रिक्शा चालक को लूटने के लिए माचिस मांगने का बहाना किया था। जिसके बाद ई रिक्शा चालक से मारपीट कर खेतों की ओर ले जाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। दो बैटरियां, 800 रुपये लूटकर बदमाश बाइक पर सवार होकर वहां से फरार हो गए थे। पुलिस ने बुधवार को बाइक सवार तीनों आरोपियों को धर दबोचा। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के जहांगीर निवासी रामपुर डांडी ने तहरीर देकर बताया था कि 16 जनवरी 2022 को शाम के वक्त ई रिक्शा लेकर गांव की तरफ जा रहा था। इस बीच हाईवे अंडरपास के पास बाइक सवार तीन युवकों ने रोका और माचिस देने को कहा। इस दौरान बाइक सवारों ने मुंह बंद कर मारपीट की और ट्यूबवेल के पास घसीटते हुए लेकर गए थे। ट्यूबेल के कमरे में मारपीट कर घायल कर दिया था। ई-रिक्शा की दो बैटरी और करीब ₹800 रुपये लूटकर बदमाश वहां से अपनी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए थे। शोर शराबा मचाने पर आसपास के लोग मौके पर आए थे। जिन्होंने बाइक सवार बदमाशों का पीछा भी किया था। लेकिन वह वहां से फरार हो गए थे। इंस्पेक्टर एश्वर्य पाल ने बताया कि संदीप और रीनू निवासी इब्राहिमपुर देह और हनी कश्यप निवासी पश्चिमी अंबर तालाब को लूट के आरोप में गिरफ्तार किया है। ई रिक्शा की दो बैटरियां, 800 रुपये और एक बाइक बरामद की है। बुधवार को तीनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *